दिल्ली: दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर युवती के साथ हुए रेप और जबरन धर्मांतरण की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी ने रील बनाने के नाम पर युवती को होटल बुलाया और रेप किया। बाद में उसके भाई और जीजा के साथ मिलकर युवती और उसकी बेटी पर धर्म बदलने का दबाव बनाया। पीड़िता ने 11 मई को पुलिस मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद बुराड़ी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
2022 में इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 36 वर्षीय पीड़िता अपने पति और 15 वर्षीय बेटी के साथ बुराड़ी में रहती है। वह सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर अपलोड करती है। उसने बताया कि 2022 में इंस्टाग्राम के जरिए सन्नी नाम के व्यक्ति ने उससे संपर्क किया।
सन्नी असल में शाकिब जरदारी निकला
पीड़िता ने कहा कि सितंबर 2022 में सन्नी उससे मिलने बुराड़ी आया। उसने रील शूटिंग के बहाने युवती को बुराड़ी के एक होटल में बुलाया और रेप किया। इसके बाद आरोपी ने युवती को ब्लैकमेल करके कई बार शोषण किया। बाद में युवती को पता चला कि आरोपी का असली नाम शाकिब जरदारी है और वह अमरोहा का रहने वाला है। इस जानकारी के बाद युवती ने आरोपी से दूरी बनानी शुरू कर दी।
धर्मांतरण के लिए मदरसा ले गए
जब युवती ने दूरी बनाई तो आरोपी के जीजा उस्मान और भाई अफरोज ने उसे फोन करना शुरू कर दिया। उन्होंने युवती के पति के मोबाइल पर आपत्तिजनक वीडियो भेजने की धमकी देकर बुराड़ी के एक मदरसे में बुलाया। मदरसे में मौजूद हाफिज ने धर्म परिवर्तन कराने पर 5.50 लाख रुपये देने का वादा किया।
परिवार समेत धर्म बदलने का दबाव
इसके अलावा परिवार के बाकी सदस्यों के धर्म परिवर्तन पर और ज्यादा रकम देने की बात कही गई। 2023 में शाकिब, उस्मान और अफरोज ने युवती और उसकी बेटी पर धर्म बदलने का दबाव बढ़ा दिया। युवती ने इसकी जानकारी अपने पति को दी।
पति ने घर से निकाला, फिर पुलिस पहुंची
विवाद बढ़ने के बाद युवती करीब तीन साल तक आरोपियों से दूर रही, लेकिन आरोपी उससे मिलने और धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश में लगे रहे। इस साल 5 मई को आरोपियों ने युवती के पति के मोबाइल पर आपत्तिजनक सामग्री भेज दी। इसके बाद पति ने युवती को घर से निकाल दिया। तब जाकर युवती ने पुलिस मुख्यालय में पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की जाँच शुरू
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और जाँच शुरू कर दी है। आरोपी शाकिब जरदारी और उसके भाई-जीजा की तलाश की जा रही है। युवती की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। यह मामला लव जिहाद, जबरन धर्मांतरण और महिलाओं के शोषण जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर कर रहा है।

