बालाघाट, मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक युवती की जिंदगी ने फिल्मी कहानी को भी पीछे छोड़ दिया। प्रियंका मेश्राम नाम की नर्सिंग की छात्रा ने महज दो महीने के अंदर दो शादियाँ कर लीं। पहले वह विपिन गोंडाने से सगाई कर चुकी थी, लेकिन अचानक मन बदलकर क्लासमेट हर्ष घरड़े से शादी कर ली। फिर कुछ दिनों बाद पछतावा हुआ और वह पुराने प्रेमी के पास लौट आई। आखिरकार पुलिस थाने में तीनों पक्ष आमने-सामने आए, जहाँ प्रियंका ने अपना अंतिम फैसला सुना दिया। यह घटना खैरलांजी क्षेत्र में हुई और अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है।
पहला प्यार और तय शादी
जानकारी के अनुसार, प्रियंका और एम्बुलेंस चालक विपिन गोंडाने का प्रेम संबंध काफी पुराना था। दोनों के परिवारों ने इस रिश्ते को मंजूरी दे दी थी। सामाजिक रीति-रिवाज से सगाई हो गई और 25 मार्च 2026 को शादी की तारीख भी तय कर दी गई। शादी के कार्ड छप गए थे और घर में खुशियों की तैयारियाँ जोरों पर थीं। सब कुछ सामान्य लग रहा था।
अचानक बदला मन, दूसरी शादी
लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। शादी से ठीक पहले प्रियंका का मन विचलित हो गया। उसने क्लासमेट हर्ष घरड़े के साथ 13 फरवरी 2026 को महाराष्ट्र के चुलहाड में गुपचुप तरीके से शादी कर ली। इसके बाद वह दो महीने तक हर्ष के घर पर परिवार के साथ रही। इस दौरान उसने विपिन को पूरी तरह भुला देने की कोशिश की, लेकिन दिल का मामला कुछ और ही था।
पछतावा और पुरानी यादों की दस्तक
हर्ष के साथ शादी के बंधन में बंधने के बाद भी प्रियंका का मन शांत नहीं था। उसके भीतर विपिन को लेकर कशमकश चलती रही। यह ‘प्रेम का भटकाव’ इतना हावी हुआ कि 4 मई को वह कॉलेज जाने के बहाने हर्ष का घर छोड़कर गायब हो गई और नागपुर में विपिन के पास पहुँच गई।
पुलिस की सक्रियता और थाने का ड्रामा
जब हर्ष के परिजनों ने प्रियंका की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, तो मामला पुलिस के पास पहुँच गया। साइबर सेल की तकनीकी मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद 16 मई को प्रियंका को ढूंढ निकाला। खैरलांजी थाने में जब तीनों पक्ष (प्रियंका, हर्ष और विपिन) आमने-सामने आए, तो घंटों तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चला।

प्रियंका का अंतिम फैसला
थाने में पुलिस और परिजनों के सामने प्रियंका ने जो बयान दिया, उसने सबको चौंका दिया। प्रियंका ने साफ तौर पर कह दिया कि “माफ करना। मैं उस वक्त बहक गई थी और मैंने जल्दबाजी में हर्ष से शादी कर ली थी। लेकिन अब मुझे एहसास हो चुका है कि मैं सिर्फ विपिन के साथ ही खुश रह सकती हूँ।”
कानून और दिल की जीत
चूंकि प्रियंका बालिग है, इसलिए पुलिस ने उसके बयानों को प्राथमिकता दी। खैरलांजी पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद उन्हें अपनी मर्जी से विपिन के साथ जाने की अनुमति दे दी। विपिन ने भी बड़े दिल का परिचय देते हुए प्रियंका के अतीत को भुलाकर उन्हें फिर से अपना लिया।
थाना प्रभारी का बयान
खैरलांजी थाना प्रभारी उनि दीपक गौतम के अनुसार, प्रियंका मेश्राम की गुमशुदगी की शिकायत मिलने पर पुलिस ने उसे दस्तयाब किया। युवती ने बताया कि पहले उसका विवाह विपिन गोंडाने से तय हुआ था, किंतु बहकावे में आकर उसने हर्ष घरड़े से प्रेम विवाह कर लिया। अब वह पुनः विपिन के साथ रहना चाहती है, जिसके आधार पर उसे विपिन के सुपुर्द कर दिया गया।

