ग्वालियर, मध्य प्रदेश: ग्वालियर में एक शादी समारोह उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा में बदल गया, जब सात फेरे पूरे होने के बाद दुल्हन को दूल्हे की प्रेमिका का फोन आया। फोन पर प्रेमिका ने दुल्हन को बताया कि दूल्हे का उससे अफेयर चल रहा है और शादी के एक महीने बाद वह दुल्हन को छोड़ देगा। यह सुनते ही दुल्हन सन्न रह गई। कॉल करने वाली युवती ने कुछ तस्वीरें और सबूत भी भेजे, जिसमें दूल्हे के साथ उसकी तस्वीरें और कुछ प्राइवेट फोटो शामिल थीं।
इसके बाद दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया और परिवार के साथ थाने पहुंच गई। मामला ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने दुल्हन की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
क्या हुआ था शादी के दिन?
मीडिया जानकारी के अनुसार, मामला गुड़ा गुड़ी का नाका निवासी दूल्हा गिर्राज कुशवाहा और नाका चंद्रवदनी निवासी दुल्हन शिवानी कुशवाहा का है। 9 मार्च की रात को शादी समारोह हुआ। सात फेरे पूरे हो चुके थे। लेकिन विदा होने से पहले दुल्हन बिफर गई। दूल्हे की प्रेमिका पूजा ने दुल्हन और उसके परिवार को फोन कर प्रेम संबंधों की जानकारी दी। यह सुनकर दुल्हन समेत पूरा परिवार सदमे में डूब गया।
दुल्हन ने शादी के जोड़े में ही थाने पहुंचकर दूल्हे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इतना ही नहीं, शादी में हुए खर्चे की भी मांग की गई। दूल्हा स्टेज पर जयमाला लिए इंतजार करता रहा, लेकिन दुल्हन नहीं आई। शादी का पंडाल खाली हो गया और आधी रात के बाद बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।
दूल्हे का पक्ष: लड़की ने खुद पसंद किया था
दूल्हा गिर्राज कुशवाहा इस घटनाक्रम से काफी आहत नजर आया। उसने बताया कि यह रिश्ता आपसी सहमति से तय हुआ था। लड़की ने उसे दो बार देखा था और पसंद भी किया था। दोनों की फोन पर लगातार बात हो रही थी। तब उसे कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन जयमाला के समय अचानक क्या हुआ, यह समझ से परे है।
प्रेमिका पहले से शादीशुदा
इस पूरे मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। दूल्हे की प्रेमिका पूजा पहले से शादीशुदा है और अपने पति को छोड़कर अलग रह रही है। पुलिस के सामने दूल्हे ने स्वीकार किया कि उसके साथ प्रेम संबंध हैं।
पुलिस ने क्या कहा?
सीएसपी इंदरगंज रोबिन जैन ने मीडिया पत्रकार को बताया कि शादी की सारी रस्में पूरी हो चुकी थीं। दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इनकार कर दिया। बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई है। दोनों पक्षों में समझौते को लेकर सहमति बन गई है। फिलहाल किसी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों से बात की है और मामले की जांच कर रही है।
यह घटना पूरे इलाके में तेजी से फैल गई है। लोग हैरान हैं कि फेरों के बाद एक फोन ने पूरी शादी उलट-पुलट कर दी। कुछ लोग इसे दुल्हन का साहसिक फैसला बता रहे हैं, तो कुछ परिवार और समाज के दबाव का नतीजा मान रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और दोनों पक्ष आपसी समझौते से मामला सुलझाने की कोशिश में लगे हैं।

