आगरा, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में घुसपैठियों और बाहरी लोगों द्वारा सरकारी योजनाओं का अवैध लाभ उठाने का मामला सामने आने के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार को आगरा में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे सभी घुसपैठियों को तुरंत चिन्हित किया जाए और उनके खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाए।
फर्जी दस्तावेजों से उठा रहे हैं योजनाओं का लाभ
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बैठक में कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बाहरी घुसपैठिये फर्जी कागजात, जाली प्रमाण-पत्रों और अवैध पहचान पत्रों के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं।
ये असामाजिक तत्व वास्तविक गरीबों और मूल निवासियों के हक पर डाका डाल रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को सघन सत्यापन अभियान चलाने और ऐसे लोगों को चिन्हित कर देश से बाहर भेजने के निर्देश दिए।
बजट का समयबद्ध और सही उपयोग जरूरी
केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के लिए आवंटित धनराशि को अनावश्यक रूप से बचाकर रखना या पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ न पहुंचाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि बजट का सदुपयोग सुनिश्चित कर अंतिम पायदान पर खड़े गरीबों को योजनाओं का लाभ तुरंत उपलब्ध कराया जाए।
जन शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण
उप मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक तंत्र को और अधिक संवेदनशील बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तहसील, ब्लॉक और थानों से जुड़ी शिकायतों में जनता को भटकना नहीं चाहिए। हर फरियादी को संतोषजनक समाधान मिलना चाहिए। कार्यालयों से कोई भी निराश होकर नहीं लौटना चाहिए।
किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा जनता के साथ दुर्व्यवहार या लापरवाही बरतने पर तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सपा पर तीखा हमला
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा न तो संतों का सम्मान करती है और न ही भक्तों का। जब सत्ता में थी तो राम भक्तों पर गोली चलवांई, अब सत्ता से बाहर होने पर चरणों में प्रणाम कर रही है। यह नौटंकी से ज्यादा कुछ नहीं है।
महर्षि वाल्मीकि के नाम पर मेट्रो स्टेशन की मांग
बैठक के दौरान नगर निगम के नामित पार्षद राहुल वैध के नेतृत्व में वाल्मीकि समाज के लोगों ने उप मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आगरा मेट्रो के किसी एक स्टेशन का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखने की मांग की। उन्होंने बताया कि आगरा में वाल्मीकि समाज की आबादी करीब 2.30 लाख है।
यह बैठक घुसपैठियों पर अंकुश लगाने और सरकारी योजनाओं को सही लाभार्थियों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। उप मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन अब बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान शुरू करने की तैयारी में है।

