अलीगढ़, उत्तर प्रदेश: “मुझे मेरी बीवी दिलाओ” – गले में यही पोस्टर लटकाकर चंडौस थाना क्षेत्र के टिकरी भवापुर गांव का हरज्ञान सोमवार को SP ऑफिस पहुंच गया। दिल्ली के एक प्राइवेट होटल में नौकरी करने वाले हरज्ञान की शादी चार महीने पहले बुलंदशहर की रिंकू से हुई थी। शादी के नाम पर उससे 2 लाख 70 हजार रुपये लूट लिए गए, दुल्हन सिर्फ तीन दिन रही और चौथे दिन सामान समेटकर फरार हो गई। कई थानों के चक्कर काटने के बाद भी कोई सुनवाई न होने पर हरज्ञान ने यह अनोखा तरीका अपनाया।
जमीन बेचकर दिए 2.70 लाख, तीन दिन बाद दुल्हन गायब
हरज्ञान ने मीडिया रिपोर्टर को बताया कि गांव के ही तेहर सिंह, पप्पन और रीना ने बिचौलियों के जरिए उसकी शादी बुलंदशहर की रिंकू से कराई। शादी के लिए उसने अपनी एक बीघा से कम जमीन बेची और सारे 2.70 लाख रुपये बिचौलिए पप्पन को दे दिए। शादी हुई, दुल्हन आई, लेकिन सिर्फ तीन दिन रहीं। चौथे दिन उसका एक साथी आया और बोला, “मां की तबीयत खराब है।” इसी बहाने रिंकू घर का कीमती सामान और गहने लेकर अपने भाई के साथ चली गई और फिर कभी लौटकर नहीं आई।
थाने-दफ्तर के चक्कर, कोई सुनवाई नहीं
हरज्ञान ने बताया, “मैं कई महीनों से चंडौस थाने और दूसरे दफ्तरों के चक्कर काट रहा हूं, लेकिन कोई सुनता ही नहीं। बिचौलिए भी मुकर गए। मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई।” आखिरकार उसने गले में पोस्टर लटकाकर SP ऑफिस पहुंचकर गुहार लगाई।
पुलिस का भरोसा: जांच कर कार्रवाई होगी
SP ऑफिस पहुंचे अधिकारियों ने हरज्ञान की बात सुनी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बिचौलियों व लुटेरी दुल्हन के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने युवक को न्याय का भरोसा दिया है।
अलीगढ़-बुलंदशहर बॉर्डर पर लुटेरी दुल्हनों के इस तरह के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। हरज्ञान का यह पोस्टर अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है और लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

