बरेली, उत्तर प्रदेश: होली की रंगों वाली महफिल से पहले बरेली में सुरों और स्वरों का ऐसा मेला लगने वाला है कि पूरा शहर झूम उठेगा। झुमका नगरी के नाम से मशहूर बरेली में अगले कुछ दिनों में बॉलीवुड के तीन बड़े सितारे अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। 24 फरवरी से 28 फरवरी तक लगातार तीन दिन शहर में संगीत का गुलाल उड़ेगा। सुनिधि चौहान, कैलाश खेर और सोनू निगम – ये तीन दिग्गज गायक अलग-अलग मंचों पर परफॉर्म करेंगे। शहर में इन आयोजनों को लेकर जबरदस्त उत्साह है। टिकट और पास के लिए होड़ मची हुई है। लोग सोशल मीडिया पर रील्स बनाकर और ग्रुप्स में चर्चा करके इन शोज का इंतजार कर रहे हैं।
24 फरवरी: सुनिधि चौहान की धमाकेदार एंट्री
सिलसिला शुरू होगा 24 फरवरी से। इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के ‘इन्वर्शिया’ फेस्ट में बॉलीवुड की रॉकस्टार सुनिधि चौहान स्टेज पर उतरेंगी। उनकी दमदार आवाज और हाई-वोल्टेज परफॉर्मेंस से शाम ‘मोस्ट मेमोरेबल’ बनने वाली है। युवाओं में सुनिधि के शो को लेकर पहले से ही क्रेज है। लोग कह रहे हैं कि सुनिधि की आवाज सुनकर होली की पूर्व संध्या पर रंगों से ज्यादा सुरों में रंग जम जाएगा।
26 फरवरी: कैलाश खेर की रूहानी महफिल
सुनिधि के गानों की गूंज थमने से पहले ही 26 फरवरी को राजश्री ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के स्थापना दिवस पर पद्मश्री कैलाश खेर अपनी सूफियाना और भक्ति भरी आवाज लेकर आएंगे। ‘अल्लाह के बंदे’, ‘तेरी दीवानी’, ‘मेरा मन केतु संग’ जैसे गाने गाकर कैलाश खेर बरेली को भक्ति और सूफी रंग में रंग देंगे। यह शो शहर के लिए एक अलग ही आध्यात्मिक अनुभव लेकर आएगा।
28 फरवरी: सोनू निगम का सदाबहार जादू
इस सुरीले सफर का समापन 28 फरवरी को होगा। हिंदी सिनेमा के ‘सदाबहार गायक’ सोनू निगम दैनिक जागरण के आयोजन में बीएल एग्रो स्टेडियम में परफॉर्म करेंगे। सोनू निगम के चाहने वाले हर उम्र के लोग हैं। उनके गानों का जादू अभी से लोगों पर चढ़ना शुरू हो गया है। टिकट बुकिंग की होड़ मची हुई है। लोग कह रहे हैं कि सोनू निगम का शो इस सीजन का सबसे यादगार आयोजन होगा।
शहर में मची टिकट और पास की होड़
सोशल मीडिया पर शहरवासियों का उत्साह चरम पर है। व्हाट्सएप ग्रुप्स, इंस्टाग्राम रील्स और फेसबुक पोस्ट में बस इन्हीं तीन शामों की बात हो रही है। लोग टिकट खरीदने में लगे हैं, तो कुछ पास और जुगाड़ की तलाश में फोन पर दिन-रात लगे हैं। आसपास के जिलों से भी लोग इन शोज में शामिल होने के लिए आने की तैयारी कर रहे हैं।
बरेली के लिए यह गर्व की बात है कि होली से ठीक पहले बॉलीवुड के तीन बड़े गायक शहर में अपनी आवाज का रंग बिखेरेंगे। यह तीन दिन बरेली के लिए संगीतमय इतिहास रचने वाले हैं। लोग कह रहे हैं कि रंगों के साथ-साथ सुरों का भी होली मनाया जाएगा। तैयार हो जाइए – झुमका नगरी में अब संगीत का गुलाल उड़ने वाला है!

