बरेली, उत्तर प्रदेश: किराए के मकान में पति के सगे भांजे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 28 वर्षीय पूजा मिश्रा ने बुधवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति ललित मिश्रा ने शव को घर ले जाने से इनकार कर दिया और यहीं अंतिम संस्कार करवाया। पुलिस ने पति की तहरीर पर भांजे सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दो महीने से पति-पत्नी की तरह रह रहे थे दोनों
हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, किला छावनी क्षेत्र के कालीधाम मंदिर के पास रमेश चंद्र के मकान की तीसरी मंजिल पर पूजा मिश्रा अपने प्रेमी आलोक मिश्रा के साथ करीब दो महीने से किराए पर रह रही थी। दोनों पति-पत्नी की तरह जीवन बिता रहे थे। आलोक सीतापुर के थाना पिसावां क्षेत्र के गांव मढ़िया का रहने वाला है और पूजा का सगा भांजा है।
भांजे ने भगाया, शादी से कर रहा था इनकार
पति ललित मिश्रा बाराबंकी के थाना रामनगर क्षेत्र के एक गांव में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह पत्नी पूजा के साथ गाजियाबाद में रह रहे थे। करीब आठ महीने पहले आलोक ने पूजा को प्रेमजाल में फंसाकर भगा लिया। इसके बाद दोनों इधर-उधर छिपकर रहने लगे। ललित ने आरोप लगाया कि आलोक अब पूजा से शादी करने से इनकार कर रहा था।
साथियों के साथ मिलकर कर रहा था प्रताड़ित
ललित के मुताबिक, आलोक के साथ ब्रजेश मिश्रा, अनूप मिश्रा और चाचा प्रशांत तिवारी पूजा को भगाने व छिपाने में मदद कर रहे थे। ये लोग पूजा को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। पूजा ने फोन पर ललित को इसकी जानकारी दी थी। प्रताड़ना से तंग आकर पूजा ने बुधवार को खुदकुशी कर ली।
पति ने यहीं करवाया अंतिम संस्कार, पुलिस कर रही तलाश
गुरुवार देर रात ललित बरेली के थाना किला पहुंचे। उन्होंने शव को घर ले जाने से मना कर दिया और बरेली में ही अंतिम संस्कार करवाया। किला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष कुमार ने बताया कि ललित की तहरीर पर आलोक मिश्रा, ब्रजेश मिश्रा, अनूप मिश्रा और प्रशांत तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

