आजमगढ़ में सीएम योगी का बड़ा बयान: ‘बेटी तो बेटी होती है’, अखिलेश यादव की बेटी पर टिप्पणी करने वालों को चेतावनी

UP News: आजमगढ़ दौरे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव की बेटी के अपमान पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि बेटी तो बेटी होती है और अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सपा प्रमुख को नसीहत देते हुए कहा कि वे अपने लोगों को समझाएं। साथ ही 955 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

Samvadika Desk
3 Min Read
योगी आदित्यनाथ (इमेज - फेसबुक)
Highlights
  • अखिलेश यादव की बेटी पर टिप्पणी को लेकर सीएम योगी ने जताई नाराजगी!
  • योगी बोले- बेटी का सम्मान सर्वोपरि, अपमान बर्दाश्त नहीं होगा!
  • सीएम ने कहा, शिकायत मिलते ही FIR दर्ज करने के दिए थे आदेश!

आजमगढ़, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने साफ कहा कि बेटी के सम्मान के खिलाफ कोई भी अपमानजनक भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें भी अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को संस्कारित करने की जरूरत है।

- Advertisement -

सीएम योगी का सख्त और स्पष्ट संदेश

शनिवार को आजमगढ़ दौरे के दौरान सीएम योगी ने कहा, “बेटी, बेटी होती है। बेटी का सम्मान होना चाहिए। मैं पिछले दिनों देख रहा था कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ कुछ लोगों ने गलत टिप्पणियां की थीं। जैसे ही मेरे संज्ञान में आया, मैंने तुरंत पुलिस को FIR दर्ज करने का आदेश दे दिया।”

उन्होंने आगे कहा कि हम गांव की बेटी को सबकी बेटी और गांव की बहन को सबकी बहन मानने वाले संस्कार में पले-बढ़े हैं। हमने कभी भेदभाव नहीं किया। लेकिन अखिलेश जी को चाहिए कि वे दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने चेले-चपाटों को भी समझाएं कि अपनी भाषा को संयमित रखें। दूसरों की बेटियों, बहनों, बुजुर्गों, दिवंगत लोगों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति किस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, इस पर उन्हें गंभीरता से सोचना चाहिए।

सीएम योगी ने चेतावनी देते हुए कहा, “अच्छा होगा कि वे अपने लोगों को समझाएं, वरना हमें सौंप दें, हम उन्हें अच्छी तरह समझा देंगे।”

- Advertisement -

विकास परियोजनाओं का लोकार्पण

इस मौके पर सीएम योगी ने आजमगढ़ में 955 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले आजमगढ़ अपनी पहचान के लिए मोहताज था। तब यहां न विश्वविद्यालय था, न पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, न ठीक से चलने वाला एयरपोर्ट। आजमगढ़ की साड़ी और मुबारकपुर की ब्लैक पॉटरी को भी कोई मंच नहीं मिल पा रहा था।

निरहुआ को जिताने की अपील

सीएम योगी ने कहा कि आजमगढ़ में 10 विधानसभा सीटें हैं, लेकिन भाजपा एक भी नहीं जीत पाई। फिर भी हमारी सरकार ने विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने अगले चुनाव में निरहुआ (दिनेश लाल यादव) की जीत की उम्मीद जताई और मजाकिया अंदाज में कहा, “मैं तो कहता हूं कि अपनी कुछ फिल्मों की शूटिंग यहां भी कर लिया करो। आजमगढ़ के नौजवानों को भी अपनी कला दिखाने का मौका दो।”

यह बयान अखिलेश यादव की बेटी के अपमान के मामले को लेकर सपा और भाजपा के बीच बढ़ते तनाव को साफ दर्शाता है। सीएम योगी का सख्त रुख न सिर्फ सपा पर हमला है बल्कि बेटियों के सम्मान की रक्षा करने का भी संदेश है।

- Advertisement -
Share This Article