जसपुर (उधम सिंह नगर) : उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में एक अनोखा निकाह हुआ, जहां दूल्हा कुवैत में बैठा था और दुल्हन उत्तराखंड में। दोनों पक्षों ने वीडियो कॉल के जरिए शादी की रस्में पूरी कीं। निकाह संपन्न होने के बाद तय हुआ कि ईद-उल-फितर पर दूल्हे के लौटने के बाद दुल्हन की विदाई होगी। यह मामला जसपुर के एक ही मोहल्ले के दो परिवारों का है, जहां दूल्हा पिछले तीन साल से कुवैत में ड्राइवर की नौकरी कर रहा है।
मोहल्ले में ही तय हुआ रिश्ता
जानकारी के मुताबिक, जसपुर के रहने वाले रफीक ने करीब दो महीने पहले अपने बेटे का रिश्ता मोहल्ले की ही एक युवती से पक्का किया। दूल्हा कुवैत में निजी कार चलाकर परिवार चलाता है। रविवार को दोनों परिवारों ने सादगी भरा समारोह आयोजित किया। एक बड़े हॉल में करीब 80 मेहमानों को आमंत्रित किया गया। नाश्ते और भोजन के बाद निकाह की औपचारिकताएं शुरू हुईं।
वीडियो कॉल पर मौलवी ने पढ़ाया निकाह
हॉल में मौलवी, गवाह, वकील और दोनों परिवारों के सदस्य मौजूद थे। बड़ी स्क्रीन पर कुवैत से दूल्हे का चेहरा दिख रहा था। मौलवी ने जब दूल्हे से सहमति मांगी, तो उसने स्पष्ट आवाज में तीन बार कहा – “कबूल है, कबूल है, कबूल है।” इसके बाद दुल्हन की ओर से भी सहमति ली गई। गवाहों ने हस्ताक्षर किए और निकाह पूरा हो गया।
छुआरे बांटे, मुबारकबाद दी
निकाह के तुरंत बाद छुआरे बांटे गए। दोनों परिवारों ने एक-दूसरे को बधाई दी और मिठाई खिलाई। दूल्हे के भाई नाजिम ने बताया, “भाई का निकाह वीडियो कॉल पर हो गया। सब बहुत खुश हैं। चार महीने बाद ईद पर भाई कुवैत से लौटेगा, तभी बहू की रुखसती होगी।”
यह पहला मौका है जब उत्तराखंड में वीडियो कॉल पर निकाह की खबर सामने आई है। पहले मोबाइल पर तलाक के मामले सुर्खियां बटोरते थे, लेकिन अब तकनीक ने शादी को भी डिजिटल बना दिया। दोनों परिवार परंपराओं का पालन करते हुए आधुनिकता को अपनाने में गर्व महसूस कर रहे हैं।

