नई दिल्ली: यूपीएससी की तैयारी कर रहे 32 वर्षीय छात्र रामकेश मीणा की हत्या का सनसनीखेज मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। तिमारपुर के गांधी विहार में 5 अक्टूबर की रात हुई इस वारदात को पहले आग से मौत का हादसा माना गया, लेकिन जांच में सामने आया कि रामकेश को उसकी लिव-इन पार्टनर अमृता चौहान ने अपने पूर्व प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर गला घोंटकर मारा। वजह थीं अमृता की अश्लील तस्वीरें और वीडियो, जिन्हें रामकेश डिलीट करने को तैयार नहीं था। पुलिस ने अमृता (21), सुमित कश्यप (27) और संदीप कुमार (29) को गिरफ्तार कर लिया है।
मई से चल रहा था लिव-इन रिलेशनशिप
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में अमृता ने कबूल किया कि वह मई 2025 से रामकेश के साथ सहमति से लिव-इन में रह रही थी। रामकेश के पास उसकी निजी अश्लील फोटो और वीडीयो एक हार्ड डिस्क में थे। अमृता ने बार-बार मांगने पर भी रामकेश ने उन्हें डिलीट करने से इनकार कर दिया। गुस्साई अमृता ने अपने पूर्व प्रेमी सुमित कश्यप से इसकी शिकायत की। सुमित ने अपने दोस्त संदीप को साथ लिया और तीनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई।
रात में गला घोंटा, पेट्रोल-शराब डालकर लगाई आग
5-6 अक्टूबर की रात अमृता, सुमित और संदीप रामकेश के कमरे में पहुंचे। पहले गला दबाकर उसकी हत्या की गई। इसके बाद कमरे में पेट्रोल और शराब छिड़ककर आग लगा दी। हादसे का शक पैदा करने के लिए रसोई का एलपीजी सिलिंडर खोलकर आग में रख दिया गया। आग लगाने से पहले आरोपियों ने हार्ड डिस्क, ट्रॉली बैग और अन्य सामान कमरे से निकाल लिया। पुलिस ने ये सभी चीजें बरामद कर ली हैं। सुमित मुरादाबाद में गैस सिलिंडर का डिस्ट्रीब्यूटर है, जिसने सिलिंडर खोलने का तरीका बताया।
सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से खुला राज
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने मीडिया पत्रकार को बताया कि 6 अक्टूबर को गांधी विहार के मकान नंबर ई-60 की चौथी मंजिल पर आग की सूचना मिली। दमकल ने आग बुझाई तो अंदर बुरी तरह जला शव मिला। मृतक की शिनाख्त रामकेश मीणा के रूप में हुई, जो यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में वारदात के समय एक युवती और दो युवक कमरे के पास दिखे। जांच में युवती की पहचान अमृता चौहान के रूप में हुई। उसकी मोबाइल लोकेशन भी उसी इलाके में पाई गई। पूछताछ में अमृता टूट गई और पूरी साजिश कबूल कर ली।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस ने अमृता (मुरादाबाद), सुमित कश्यप और संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। हार्ड डिस्क से अश्लील सामग्री बरामद हो चुकी है। आरोपियों से हत्या के मकसद, योजना और अन्य संभावित लिंक की गहन पूछताछ की जा रही है। मामला हत्या, साजिश और सबूत मिटाने का है, जिसके तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह वारदात दिल्ली में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े खतरों को फिर उजागर करती है, जहां निजता का दुरुपयोग जानलेवा साबित हुआ। पुलिस अब यह भी जांच रही है कि क्या रामकेश ब्लैकमेलिंग कर रहा था या अमृता का गुस्सा ही एकमात्र वजह थी।

