राजूपेटा (आंध्र प्रदेश): समाज की संकीर्ण सोच, धर्म की दीवारें और कद-काठी का फर्क — इन सबसे ऊपर उठकर प्यार की एक अनोखी मिसाल कायम हुई है। आंध्र प्रदेश के राजूपेटा में एक खूबसूरत मुस्लिम युवती ने अपने से काफी छोटे कद वाले हिंदू युवक वेमुला शशि से शादी कर ली। युवती ने साफ कहा — “मैंने न उनकी हाईट देखी, न धर्म और न शक्ल-सूरत… बस उनके स्वभाव और अच्छे नेचर से प्रभावित हो गई।”
9वीं क्लास से शुरू हुई प्रेम कहानी
मीडिया जानकारी के अनुसार, यह अनोखी लव स्टोरी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। दोनों की मुलाकात स्कूल में 9वीं क्लास में हुई थी। शुरू में दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गई। युवती बताती हैं कि शशि कद में छोटे जरूर हैं, लेकिन उनका स्वभाव, ईमानदारी और आपसी विश्वास उन्हें हर चीज से ज्यादा आकर्षित करता था।
समय के साथ दोनों ने फैसला कर लिया कि वे एक-दूसरे के साथ जीवन बिताएंगे। लेकिन जैसे ही परिवार को इस रिश्ते की भनक लगी, विरोध शुरू हो गया। मुस्लिम परिवार के लिए छोटे कद के हिंदू लड़के को दामाद के रूप में स्वीकार करना मुश्किल था। युवती के घरवालों और रिश्तेदारों ने खूब विरोध किया, लेकिन दोनों ने हिम्मत नहीं हारी।
जब मजहब और समाज बने दुश्मन
प्यार जितना गहरा था, चुनौतियां भी उतनी ही बड़ी थीं। एक तरफ समाज की संकीर्ण सोच थी जो शारीरिक बनावट को तौलती है, दूसरी तरफ धर्म की बेड़ियां। युवती के परिजनों ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया। लेकिन युवती और शशि दोनों अपने फैसले पर अडिग रहे।
जब स्थिति बिगड़ने लगी और जान का खतरा महसूस हुआ, तो दोनों इनुकुदुरुपेटा पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई और साफ कहा कि चाहे कुछ भी हो जाए, वे एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ेंगे।
शादी के बाद भी जारी है संघर्ष
शशि वर्तमान में जिला न्यायालय में कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी के रूप में काम करते हैं, जबकि युवती एक मेडिकल स्टोर में नौकरी करके आत्मनिर्भर हैं। शादी के बाद भी दोनों को परिवार और समाज की तरफ से तानों और दबाव का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामे रखा है।
यह अनोखा विवाह उन लोगों के लिए एक कड़ा संदेश है जो प्यार को सिर्फ बाहरी सुंदरता, कद-काठी या धर्म के तराजू में तौलते हैं। युवती और शशि ने साबित कर दिया कि सच्चा प्यार और पक्के इरादों के सामने दुनिया की हर दीवार छोटी पड़ जाती है।
दोनों की यह लव स्टोरी सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में है। लोग उनकी हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं और उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।

