बरेली, उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली के विकास को नई रफ्तार देने का ऐलान किया है। जिले में 100 एकड़ जमीन पर विशाल रोजगार क्षेत्र (इंप्लॉयमेंट जोन) विकसित होगा, जिसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (MSME) स्थापित किए जाएंगे। इससे हजारों युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा। साथ ही, बरेली की धार्मिक पहचान को मजबूत करने के लिए हर साल भव्य ‘नाथ नगरी महोत्सव’ का आयोजन होगा। रविवार को लखनऊ में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की शिष्टाचार मुलाकात के दौरान सीएम ने इन दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी और तत्काल कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
नाथ नगरी महोत्सव: सात नाथ मंदिरों की महिमा को मिलेगा वैश्विक मंच
बरेली को ‘नाथ नगरी’ के नाम से जाना जाता है। यहां सात प्राचीन नाथ मंदिर हैं, जो लाखों शिवभक्तों की आस्था का केंद्र हैं। इनकी महत्ता को देखते हुए सीएम ने हर साल राज्यस्तरीय ‘नाथ नगरी महोत्सव’ आयोजित करने का फैसला लिया है। जिलाधिकारी ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि महोत्सव से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, दूसरे जिलों-प्रदेशों से श्रद्धालु और व्यापारी आएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और जिले की आय में बढ़ोतरी होगी।
महोत्सव के लिए बरेली कॉलेज ग्राउंड को प्राथमिकता दी जा रही है। वहां पार्किंग, स्टॉल, मंच और पंडाल के लिए भरपूर जगह है। एक-दो अन्य स्थल भी देखे जा रहे हैं। मौसम को ध्यान में रखते हुए फरवरी महीने को सबसे उपयुक्त माना जा रहा है। अगले साल फरवरी में पहला नाथ नगरी महोत्सव संभव है। पर्यटन विभाग को कार्ययोजना तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया है।
100 एकड़ रोजगार क्षेत्र: MSME को मिलेगा बढ़ावा
जिलाधिकारी के अनुसार, राजस्व और उद्योग विभाग को 100 एकड़ जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस जोन में छोटे-मध्यम उद्योग लगेंगे, जिससे बेरोजगारी पर लगाम लगेगी और बरेली औद्योगिक मानचित्र पर मजबूती से उभरेगा। बजट स्वीकृति के बाद काम शुरू हो जाएगा।
कांवड़ियों की सुविधा के लिए बदायूं रोड पर स्थायी कांवड़ स्थल
सावन में लाखों कांवड़िए बरेली के नाथ मंदिरों में जलाभिषेक करने आते हैं। अभी बदायूं रोड पर अस्थायी कैंप लगते हैं, जिससे काफी दिक्कत होती है। इसे देखते हुए पर्यटन विभाग बदायूं रोड पर रामगंगा पुल से पहले दो करोड़ रुपये की लागत से स्थायी कांवड़ स्थल बनाएगा। इसमें शेड, शौचालय, स्नानघर, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था होगी। पहली किस्त जारी हो चुकी है और जुलाई 2026 तक काम पूरा करने का लक्ष्य है। यह बरेली मंडल का पहला स्थायी कांवड़ स्थल होगा।
भूमाफिया से मुक्त सरकारी जमीन पर गरीबों के लिए घर
सीएम ने सख्त निर्देश दिए हैं कि भूमाफियाओं से सरकारी जमीन खाली कराई जाए और उस पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए आवास बनाए जाएं। एसडीएम को अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं। जल्द ही बुलडोजर कार्रवाई शुरू होगी।
सीएम जल्द देंगे 2200 करोड़ की सौगात
जिलाधिकारी ने बताया कि 25 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय मैराथन होगी। इसके अलावा सीएम जल्द बरेली दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह रामायण वाटिका में भगवान राम की 51 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण, पंडित राधेश्याम कथावाचक की प्रतिमा अनावरण और उनके नाम पर कॉलेज का नामकरण करेंगे। इसी दिन जिले को 2200 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात भी मिलेगी।
बरेली के लिए यह साल विकास और धार्मिक-सांस्कृतिक उत्थान का वर्ष साबित होने जा रहा है। सीएम के इन निर्देशों से जिले की तस्वीर बदलने की उम्मीद जगी है।

