बरेली, उत्तरप्रदेश: बरेली के विकास को नई गति देने के लिए एक बड़ा संकेत मिला है। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करीब आधे घंटे तक शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शहर के समग्र विकास, अतिक्रमण हटाओ अभियान और नई योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने महापौर को फुल पावर देते हुए विकास कार्यों को तेज करने के सख्त निर्देश दिए।
अतिक्रमण अभियान पर सीएम का सख्त निर्देश
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस अभियान में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अतिक्रमण हटाने का काम लगातार और तेज गति से जारी रखा जाए। साथ ही शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
17 नगर निगमों की होगी बड़ी समीक्षा, बरेली पर खास फोकस
महापौर परिषद के अध्यक्ष के नाते डॉ. उमेश गौतम ने प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों के विकास कार्यों पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि जल्द ही सभी नगर निगमों की एक बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें शहरी विकास की नई योजनाओं और प्रगति का आकलन होगा। बैठक में यह बात साफ तौर पर सामने आई कि आने वाले समय में नगर निगमों का फोकस जनसुविधाओं के विस्तार और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने पर रहेगा।
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बरेली लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
हनुमान जी की प्रतिमा भेंट कर जताया सम्मान
मुलाकात के दौरान महापौर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भगवान हनुमान जी की भव्य प्रतिमा भेंट की। इसे शहर के विकास के प्रति समर्पण और शुभकामनाओं का प्रतीक बताया गया। मुख्यमंत्री ने इस भेंट को स्वीकार करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
इस मुलाकात के बाद बरेली के लिए कई नई परियोजनाओं के जल्द जमीन पर उतरने की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया, जिससे शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिल सकेगी।

