भदोही, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक शादी समारोह उस समय विवाद का शिकार हो गया जब सात फेरों और सिंदूरदान से ठीक पहले दुल्हन की बहन ने दूल्हे को ‘दिव्यांग’ कह दिया। इससे आहत दूल्हा और उसके परिजन शादी करने से इनकार कर बैठे। मामला गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र से औराई कोतवाली के एक गांव में शुक्रवार रात 9 बजे का है। गहने और छिकइया के 40 हजार रुपये को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई। पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को थाने लाया और समझौता कराया।
द्वारचार के बाद शुरू हुआ विवाद
गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से बारात औराई कोतवाली के गांव पहुंची। द्वारचार, जयमाला और अन्य रस्में पूरी हुईं। एक ओर बराती भोजन कर रहे थे, दूसरी ओर मंडप में विवाह रस्में चल रही थीं। सिंदूरदान से पहले दूल्हे ने परंपरा अनुसार चावल की गठरी दुल्हन के हाथ में रखी। दुल्हन ने उसे वापस किया, लेकिन दूल्हे के हाथ से गठरी गिर गई। इसी मौके पर दुल्हन की बहन ने तंज कसते हुए दूल्हे को ‘दिव्यांग’ कह दिया। यह सुनते ही दूल्हा भड़क उठा और शादी से साफ इनकार कर दिया।
गहने-रुपये की मांग, मारपीट तक पहुंची
दूल्हे के इनकार से हंगामा मच गया। दूल्हा पक्ष ने शादी में चढ़ाए गए गहने और छिकइया में खर्च हुए 40 हजार रुपये वापस मांगे। लड़की पक्ष ने चढ़ाए गए छह थान गहने लौटा दिए, लेकिन नकद रुपये देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई और हाथापाई शुरू हो गई। हो-हल्ला बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने थाने लाकर समझाया
जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, सूचना पर औराई कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ रामसरीख गौतम ने बताया कि विवाद लेन-देन को लेकर था। दोनों पक्षों को थाने लाया गया और लंबी समझाइश के बाद मामला शांत कराया गया। पुलिस ने गहने और रुपये का हिसाब कराकर सुलह कराई। शादी टूटने से बारात बिना दुल्हन के लौट गई। घटना से गांव में चर्चा का बाजार गर्म है और दोनों परिवारों में तनाव बना हुआ है। पुलिस ने आगे किसी अनहोनी से बचाने के लिए निगरानी रखी है।

