गोरखपुर, उत्तर प्रदेश: सहजनवा थाना क्षेत्र में एक हफ्ते पहले धूमधाम से हुई शादी अब तलाक की कगार पर पहुंच गई है। बीटेक पास नौकरीपेशा दूल्हे पर नई नवेली दुल्हन ने सुहागरात को ही “शारीरिक रूप से अक्षम” होने का गंभीर आरोप लगा दिया। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे वालों पर “धोखे से शादी कराने” का आरोप” लगाते हुए तलाक की मांग कर दी है। मामला इतना बिगड़ा कि पुलिस ने दोनों पक्षों की सहमति से दूल्हे का मेडिकल टेस्ट भी कराया, लेकिन रिपोर्ट आने के बाद भी दुल्हन पक्ष नहीं माना। अब दूल्हा पक्ष भी रिश्ता तोड़ने को तैयार है।
सुहागरात के बाद शुरू हुआ हंगामा
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शादी बेलीपार क्षेत्र की लड़की से हुई थी। शादी के सारे रस्मो-रिवाज पूरे हुए। लेकिन सुह सुहागरात के बाद दुल्हन ने पति की शारीरिक क्षमता पर सवाल उठा दिया। उसने परिवार को बताया कि पति “नपुंसक” है। यह बात फैलते ही दोनों परिवारों में तनाव बढ़ गया। दुल्हन के पिता ने सहजनवा थाने में लिखित शिकायत देकर दूल्हे पक्ष पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया।
दो दिन चली पंचायत, फिर हुआ मेडिकल टेस्ट
पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। दो दिन तक लगातार पंचायत चली, लेकिन कोई हल नहीं निकला। आखिरकार दोनों परिवारों की सहमति से दूल्हे का मेडिकल परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट आने के बाद दुल्हन पक्ष ने तलाक की मांग और तेज कर दी। दूल्हा पक्ष का कहना है कि रिपोर्ट में कोई गंभीर समस्या नहीं है, लेकिन दुल्हन पक्ष उसे मानने को तैयार नहीं। अब दूल्हा भी कह रहा है – “जब वे नहीं मान रहे, तो हम भी रिश्ता नहीं रखना चाहते।”
पुलिस बोली – सहमति न बनी तो कानूनी कार्रवाई
सहजनवा थाना प्रभारी महेश चौबे ने मीडिया को बताया, “दोनों पक्षों से लगातार बातचीत चल रही है। मेडिकल रिपोर्ट की जांच कराई जा रही है। अगर आपसी सहमति बनती है तो ठीक, वरना कानून अपना काम करेगा।”
गांव से लेकर सोशल मीडिया तक यह मामला चर्चा में है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं – कोई दूल्हे पक्ष को दोषी बता रहा है तो कोई कह रहा है कि दुल्हन पक्ष पहले से ही तलाक का प्लान बनाकर आया था। फिलहाल दोनों परिवार तनाव में हैं और मामला कोर्ट की दहलीज तक पहुंचता दिख रहा है।

