संभल, उत्तर प्रदेश: संभल जिले में अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव बाघऊ में स्थित खेर चमन शाह बाबा मजार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। यह मजार सरकारी ऊसर जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई थी।
24 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर किया गया था कब्जा
मीडिया के हवाले से प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, करीब पांच साल पहले मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने प्राचीन खेड़ेश्वर मंदिर के पास स्थित सरकारी जमीन पर कब्जा कर मजार का निर्माण करवा लिया था। लेखपाल की रिपोर्ट और स्थानीय जांच के आधार पर ग्राम सभा की ओर से मुतव्वली अजीज पुत्र अल्लन के खिलाफ राजस्व संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
तहसीलदार अदालत ने अतिक्रमण हटाने, जुर्माना और अन्य शुल्क जमा करने का आदेश दिया। आरोपी पक्ष द्वारा कोई ठोस साक्ष्य पेश न किए जाने पर कोर्ट ने बेदखली का आदेश जारी कर दिया। अजीज की अपील को जिलाधिकारी अदालत ने 3 जून 2026 को खारिज कर दिया, जिसके बाद शुक्रवार को बुलडोजर एक्शन लिया गया।
डीएसपी व भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान डीएसपी की देखरेख में चार थानों की पुलिस तैनात रही। तहसीलदार और डीएम कोर्ट के आदेश पर हुई इस बेदखली में मजार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
लैंड बैंक योजना में तेजी
जिला प्रशासन लैंड बैंक योजना के तहत अवैध कब्जों से सरकारी जमीन मुक्त कराने की मुहिम चला रहा है। अब तक 100 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन कब्जा मुक्त कराई जा चुकी है। अधिकारियों के अनुसार, संभल में सरकारी जमीनों पर सबसे अधिक मुस्लिम समुदाय के धार्मिक स्थल अवैध रूप से बने पाए गए हैं।
मजार पक्ष का दावा
मजार संभालने वाले अजीज ने दावा किया कि यह जगह 500-600 साल पुरानी है और स्थानीय लोगों की आस्था से जुड़ी हुई है। इसे पीर बाबा के नाम से जाना जाता है।
एसडीएम का बयान
एसडीएम गुन्नौर विकास चंद्र ने कहा, “पूरी जांच और अदालती प्रक्रिया के बाद साफ हो गया कि यह सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा था। इसलिए कानून के अनुसार कार्रवाई की गई है।”
यह कार्रवाई संभल प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाने और सरकारी संपत्ति को वापस हासिल करने की बड़ी मुहिम का हिस्सा है। जिला प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ सख्त एक्शन जारी रहेगा।

