Housefull 5 Box Office Collection: 6 जून 2025 को रिलीज हुई हाउसफुल 5 ने अपने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत की है। इस मल्टीस्टारर फिल्म में अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख, जैकलीन फर्नांडीज, और नाना पाटेकर जैसे बड़े सितारे हैं, लेकिन अक्षय कुमार का नाम ही इस फ्रेंचाइजी का पर्याय बन चुका है। हाउसफुल सीरीज की हर फिल्म में नजर आने वाले अक्षय के फैंस की निगाहें इस बार भी फिल्म की ओपनिंग पर टिकी थीं। पहले दिन फिल्म ने भारत में 24 करोड़ रुपये की नेट कमाई की, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 36.75 करोड़ रुपये रहा। अक्षय की हालिया फिल्मों के प्रदर्शन को देखते हुए यह आंकड़ा ठीक-ठाक माना जा रहा है, लेकिन क्या यह फिल्म अक्षय को बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी दिलाएगी? आइए जानते हैं।
पहले दिन की कमाई और दर्शकों का उत्साह
हाउसफुल 5 ने पहले दिन भारत में 24 करोड़ रुपये की नेट कमाई के साथ साल 2025 की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग हासिल की। वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 36.75 करोड़ रुपये तक पहुँचा। फिल्म को 5000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया, जो भारतीय कॉमेडी फिल्मों में सबसे बड़ा स्क्रीन काउंट है। दो अलग-अलग अंत (Housefull 5A और Housefull 5B) के साथ रिलीज होने, बड़े सितारों की मौजूदगी, और हिट गाने “लाल परी” की वजह से दर्शक थिएटर्स की ओर खिंचे। सैक्निल्क के मुताबिक, Housefull 5A ने 28.88% ऑक्यूपेंसी के साथ 5.67 करोड़ रुपये और Housefull 5B ने 16% ऑक्यूपेंसी के साथ 2.35 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग की। कुल मिलाकर, पहले दिन की एडवांस बुकिंग 13.94 करोड़ रुपये रही।
फिल्म विशेषज्ञों की राय
फिल्म कारोबार विशेषज्ञ गिरीश वानखेड़े का कहना है कि हाउसफुल 5 ने पहले दिन 24 करोड़ की कमाई के साथ शानदार शुरुआत की है। उन्होंने कहा, “दो अलग अंत, सितारों की भीड़, और एक हिट गाना होने की वजह से दर्शक थिएटर्स तक आए। यह दर्शाता है कि हाउसफुल फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता अब भी बरकरार है।” हालांकि, उन्होंने यह भी चेताया कि फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रियाएँ और कहानी में कसावट की कमी आगे चुनौती बन सकती है। “वीकेंड पर छुट्टियों की वजह से कमाई 80-90 करोड़ तक पहुँच सकती है, लेकिन सोमवार का कलेक्शन निर्णायक होगा। अगर कमाई गिरी, तो फिल्म को वापसी में मुश्किल होगी।”
वहीं मीडिया के हवाले से, जनता सिनेमा के सीईओ और फिल्म विशेषज्ञ यूसुफ शेख ने हाउसफुल 5 को सिनेमाघरों के लिए अच्छी खबर बताया। उन्होंने कहा, “यह एक भव्य फिल्म है, जिसमें बड़े सितारे, शानदार प्रोडक्शन, और मनोरंजन का पूरा पैकेज है। पहले दिन का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 40.75 करोड़ रुपये से ज्यादा है, जो दिखाता है कि गर्मी की छुट्टियों में दर्शक इसे पसंद कर रहे हैं। यह फिल्म आसानी से 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है।”
अक्षय कुमार के लिए टर्निंग पॉइंट?
अक्षय कुमार के लिए 2024 और 2025 की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बड़े मियाँ छोटे मियाँ, खेल खेल में, सरफिरा, सिंघम अगेन, और स्काई फोर्स जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर नाकाम रहीं। हालांकि, केसरी 2 ने कुछ हद तक सफलता हासिल की, लेकिन हाउसफुल 5 से अक्षय के फैंस को बड़ी उम्मीदें हैं। फिल्म का पहले दिन का कलेक्शन (24 करोड़) अक्षय की पोस्ट-कोविड रिलीज में दूसरा सबसे बड़ा ओपनर है, जो सूर्यवंशी (26.29 करोड़) से थोड़ा पीछे है। यह केसरी 2 (7.75 करोड़) और हाउसफुल 4 (19.08 करोड़) से बेहतर है।
फिल्म को 240 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है, जिसमें 225 करोड़ प्रोडक्शन और 15 करोड़ प्रचार पर खर्च हुए। गैर-थिएट्रिकल डील्स (डिजिटल, सैटेलाइट, और म्यूजिक राइट्स) से 135 करोड़ पहले ही वसूल हो चुके हैं। ब्रेक-ईवन के लिए फिल्म को थिएटर्स से 105 करोड़ रुपये और कमाने होंगे, यानी वर्ल्डवाइड 250 करोड़ रुपये। हिट होने के लिए इसे 325 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन करना होगा।
मिली-जुली प्रतिक्रियाएँ और चुनौतियाँ
हाउसफुल 5 को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रियाएँ मिली हैं। कुछ ने इसे “नॉन-स्टॉप हँसी और सस्पेंस” वाला मनोरंजन बताया, जबकि कुछ को कहानी में कमी और दो अंतों की वजह से भ्रम की शिकायत है। एक नेटिजन ने लिखा, “हर किरदार चमका, ट्विस्ट ने मजा दिया!” वहीं, दूसरे ने कहा, “आधे रास्ते में सिरदर्द हो गया, क्रिएटिविटी कहाँ गई?” दो अलग-अलग अंत (5A और 5B) का प्रयोग नया है, लेकिन कुछ दर्शकों को यह उलझन भरा लगा।
फिल्म को वीकेंड पर कमाई बढ़ाने का मौका है, क्योंकि रेड 2 और केसरी चैप्टर 2 अपने रन के अंत में हैं, और कोई बड़ा कॉम्पिटिशन नहीं है। लेकिन सोमवार का कलेक्शन फिल्म की लंबी दौड़ तय करेगा। अगर यह 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेती है, तो अक्षय के लिए यह बड़ा कमबैक होगा।
क्या है कहानी?
हाउसफुल 5 की कहानी एक लक्जरी क्रूज शिप पर सेट है, जहाँ एक अरबपति की मौत के बाद उसकी संपत्ति के लिए कई दावेदार सामने आते हैं। अक्षय कुमार (जूलियस), रितेश देशमुख (जलालुद्दीन), और अभिषेक बच्चन (जलभूषण) की तिकड़ी गलतफहमियों और हास्य से भरे इस मर्डर मिस्ट्री में उलझती है। तरुण मंसुखानी के निर्देशन में यह फ्रेंचाइजी का सबसे महँगा प्रोजेक्ट है।

