बरेली, उत्तर प्रदेश: बरेली में एक युवक और मुस्लिम युवती के साथ सार्वजनिक स्थान पर बदसलूकी और मारपीट की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बाद में माफी मांगते हुए कहा कि दोबारा ऐसी गलती नहीं होगी।
क्या था पूरा मामला?
मीडिया जानकारी के अनुसार, भोजीपुरा थाना क्षेत्र के जादवपुर गांव के पास हाइवे स्थित बाजार में यह घटना हुई। एक मुस्लिम युवती अपने परिचित युवक के साथ स्कूटी पर बाजार में सामान लेने गई थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने दोनों को रोक लिया और युवती से सवाल-जवाब करने लगे। आरोप है कि युवक के हिंदू होने पर आपत्ति जताई गई।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति युवती पर हाथ उठाने की कोशिश करता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि अन्य लोग आसपास खड़े हैं। मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया और युवक-युवती को सुरक्षित निकाल लिया।
पुलिस ने की सख्त कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित युवक ने भोजीपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने कहा कि वह जादवपुर रेलवे फाटक के पास कुछ परिचित महिलाओं से बात कर रहा था, तभी 4-5 अज्ञात लोगों ने उसे गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। वीडियो के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान नवाबगंज क्षेत्र के रहने वाले शोएब के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी ने मांगी माफी
पुलिस हिरासत में आने के बाद आरोपी शोएब का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है। वीडियो में वह अपनी गलती स्वीकार करते हुए कह रहा है कि दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेगा।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है और ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोगों ने किया बीच-बचाव
27 सेकंड के वीडियो में दिख रहा है कि नीले रंग की एक्टिवा पर बैठी युवती से एक मुस्लिम युवक सवाल-जवाब कर रहा है। वह उसे दूसरे समुदाय के युवक के साथ घूमने का कारण पूछ रहा है। इसी दौरान वह युवती पर हाथ उठाने की कोशिश करता है। बाजार में मौजूद एक अन्य मुस्लिम युवक ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया था।
यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लोगों में गुस्सा देखा गया। पुलिस ने कहा कि सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।

