बरेली, उत्तर प्रदेश: न्यू ईयर 2026 के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन बरेली पुलिस ने हुड़दंगियों को साफ चेतावनी दे दी है – “जश्न मनाओ, लेकिन कानून की लक्ष्मण रेखा मत लांघो।” एसएसपी अनुराग आर्य ने 31 दिसंबर की रात के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। सड़क पर केक काटना, बाइक-कार से स्टंट करना, शराब पीकर वाहन चलाना या तेज म्यूजिक बजाकर यातायात बाधित करना – किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे करने वालों के वाहन सीज होंगे, मुकदमा दर्ज होगा और नए साल की सुबह हवालात में गुजारनी पड़ सकती है।
“जोश में गलती मत करना, जेल की हवा खानी पड़ सकती है”
एसएसपी ने साफ कहा कि जश्न के नाम पर सड़क घेरना, नाच-गाना करना या तेज रफ्तार में स्टंटबाजी अपराध है। पुलिस पूरे शहर में अलर्ट मोड पर रहेगी। होटल, रेस्टोरेंट और पार्टी आयोजकों को भी सख्त हिदायत दी गई है कि नियमों का पालन करें। अगर किसी कार्यक्रम में हुड़दंग हुआ तो आयोजक जिम्मेदार होंगे और उन्हें पुलिस को तुरंत सूचित करना होगा। थाना स्तर पर सभी आयोजकों को पहले से निर्देश दे दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि उद्देश्य किसी की खुशी में खलल डालना नहीं, बल्कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है। लोग घरों, होटलों या निजी जगहों पर जश्न मनाएं, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर दूसरों को परेशान न करें।
वाहन सीज, मुकदमा और जेल की तैयारी
- सड़क पर केक काटना या ट्रैफिक जाम करना – वाहन जब्ती और मुकदमा
- शराब पीकर ड्राइविंग या स्टंट – सख्त धाराओं में केस
- तेज म्यूजिक या अराजकता – आयोजकों पर भी कार्रवाई
एसएसपी ने कहा, “नए साल का जश्न सब मनाएं, लेकिन जोश में होश मत खोना। एक छोटी गलती भारी पड़ सकती है।”
शहर में पुलिस की विशेष तैयारी
31 दिसंबर की रात पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। प्रमुख चौराहों, होटल-रेस्टोरेंट और पार्टी स्पॉट्स पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की जाएगी। नाकेबंदी और चेकिंग बढ़ाई जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रहेगी।
बरेली पुलिस की यह एडवाइजरी नए साल के जश्न को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। एसएसपी का संदेश साफ है – “खुशी मनाओ, लेकिन कानून का पालन करो। हुड़दंग मचाया तो नए साल की शुरुआत थाने से होगी।” शहरवासी इस चेतावनी को गंभीरता से ले रहे हैं और सुरक्षित जश्न की तैयारी कर रहे हैं।

