सहारनपुर, उत्तर प्रदेश: सोशल मीडिया पर शुरू हुआ प्यार जब शादी तक पहुंच गया तो सहारनपुर के बड़गांव क्षेत्र के एक गांव के युवक ने पूरी तैयारी कर ली। हल्दी लगी, सेहरा बंधा, घोड़ी चढ़ी, बैंड-बाजा और बारात लेकर 350 किमी दूर बरेली निकल पड़ा। लेकिन बारात रास्ते में ही थी कि दुल्हन ने फोन उठाया और साफ कह दिया – “मैं शादी नहीं करूंगी।” इसके बाद फोन बंद। घंटों इंतजार, बार-बार कॉल, फिर मजबूरन बारात लेकर लौटना पड़ा। पूरा इलाका इस “इंस्टा लव” के धोखे की चर्चा कर रहा है।
इंस्टाग्राम से दोस्ती, फोन पर प्यार और शादी की तारीख
युवक की बरेली की एक लड़की से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई। चैटिंग बढ़ी, वॉइस कॉल्स हुए, वीडियो कॉल्स हुए और बातें प्यार तक पहुंच गईं। दोनों ने फोन पर ही 2 दिसंबर को शादी की तारीख तय कर ली। लड़की ने दहेज में ब्रेजा कार देने का वादा भी किया। पांच दिन पहले लड़का अपने दोस्तों के साथ सहारनपुर के शोरूम गया, गाड़ी पसंद की और खुशी-खुशी लौट आया।
परिवार ने पूरी धूमधाम से तैयारी की। रिश्तेदार इकट्ठा हुए, निमंत्रण बंटे, हल्दी-मेहंदी हुई, दूल्हा बना और बारात रवाना हो गई।
रास्ते में आया दुल्हन का फोन, फिर खामोशी
बारात जैसे ही रास्ते में थी, दूल्हे ने अपनी “होने वाली दुल्हन” को फोन मिलाया। लड़की ने फोन उठाया और साफ कह दिया – “मैं शादी नहीं करूंगी, अब कोई रिश्ता नहीं है।” इसके बाद फोन बंद। बार-बार कॉल किए, मैसेज किए, लेकिन कोई जवाब नहीं। बारातियों ने घंटों इंतजार किया, लेकिन जब लगा कि अब कुछ नहीं हो सकता तो मजबूरन बैंड-बाजे बंद कर वापसी का रास्ता लिया।
दूल्हा सदमे में, परिवार की बेइज्जती
दूल्हा अभी तक सदमे में है। परिवार वाले कहते हैं, “इतना बड़ा धोखा देगी, किसी ने सोचा भी नहीं था। लाखों रुपये खर्च, रिश्तेदार बुलाए, इज्जत का सवाल था, सब बर्बाद हो गया।” गांव में लोग बस यही बात कर रहे हैं – “इंस्टाग्राम का प्यार और फोन की शादी, आखिर में बारात बीच रास्ते लौट आई।”
पुलिस को अभी कोई शिकायत नहीं की गई है, लेकिन परिवार का कहना है कि लड़की और उसके परिजनों ने पहले सबकुछ तय किया और आखिरी वक्त पर मुकर गए। सहारनपुर से बरेली की यह 350 किमी की बारात अब इलाके में “इंस्टा धोखा” के नाम से मशहूर हो गई है।

