बरेली: बरेली और आसपास के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। चार साल तक ‘स्पेशल ट्रेन’ का तमगा झेलने के बाद टनकपुर-अछनेरा ट्रेन को रेलवे ने स्थायी रूप से एक्सप्रेस ट्रेन बना दिया है। अब यह गाड़ी नए नंबर 15094-93 टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस के रूप में दौड़ेगी। सबसे बड़ी राहत यह है कि नियमित ट्रेन बनने से किराया करीब 35 फीसदी तक कम हो गया है।
अब पांच दिन चलेगी ट्रेन
ट्रेन हफ्ते में पांच दिन (बुधवार और शनिवार को छोड़कर) चलेगी।
- टनकपुर से: सुबह 4:10 बजे रवाना होकर खटीमा, पीलीभीत, भोजीपुरा, इज्जतनगर (5:59), बरेली सिटी (6:15), बरेली जंक्शन (6:31), बदायूं (7:14) होते हुए कासगंज, सिकंद्राराऊ, हाथरस, मथुरा के रास्ते दोपहर 11:54 बजे अछनेरा पहुंचेगी।
- अछनेरा से: दोपहर 3:50 बजे चलकर बदायूं (7:38), बरेली जंक्शन (8:33), बरेली सिटी (8:50), इज्जतनगर (9:14) होते हुए रात 11:35 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
ट्रेन में पर्याप्त कोच होने से यात्रियों को सीट मिलना आसान हो जाएगा और भीड़ का दबाव भी कम होगा।
यात्रियों की बल्ले-बल्ले, किराया हुआ सस्ता
अब तक स्पेशल ट्रेन के नाम पर ज्यादा किराया चुकाना पड़ता था। नियमित एक्सप्रेस बनने से रोजाना सफर करने वाले, नौकरीपेशा और व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से उठ रही इस मांग को आखिरकार रेलवे ने पूरा कर दिया है।
इज्जतनगर मंडल में अन्य बदलाव
- किच्छा-बहेड़ी सेक्शन में किच्छा बाजार रेलवे क्रॉसिंग पर काम के चलते 11 अप्रैल रात 8 बजे से 12 अप्रैल सुबह 6 बजे तक रास्ता बंद रहेगा। वाहन चालकों को बंडिया किच्छा और सिरौली गेट क्रॉसिंग से गुजरना होगा।
- टनकपुर से नांदेड़ (तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब) तक साप्ताहिक ट्रेन को मंजूरी मिल गई है। यह ट्रेन बदायूं, बरेली जंक्शन, इज्जतनगर और पीलीभीत होते हुए चलेगी, जिससे सिख श्रद्धालुओं को सीधी और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी।
- बरेली होकर चलने वाली फिरोजपुर-झंझारपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की टाइमिंग भी जारी कर दी गई है।
इज्जतनगर मंडल के अधिकारियों का कहना है कि इन बदलावों से यात्री सुविधा बढ़ेगी, ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। बरेली, पीलीभीत, बदायूं और आसपास के यात्रियों को अब लंबी दूरी की यात्रा में काफी आसानी होने वाली है।

