लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी तहसील क्षेत्र में एक और नाम बदलने का ऐलान कर दिया है। शनिवार को उन्होंने मियांपुर गांव का नाम बदलकर रविंद्र नगर करने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि विभाजन के समय यहां बसे हिंदू परिवारों की पहचान छुपाने के लिए गांव का नाम मियांपुर रखा गया था, जबकि यहां एक भी मुसलमान नहीं रहता। अब इस गांव की नई पहचान राष्ट्रगान के रचयिता रविंद्रनाथ टैगोर के नाम पर होगी।
‘पहचान छुपाने के लिए किया गया था नाम’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “आप लोगों की पहचान छुपाने के लिए गांव का नाम मियांपुर कर दिया गया था। जहां एक भी मुसलमान नहीं है, वहां का नाम मियांपुर रख दिया गया। लेकिन अब इसका नाम मियांपुर नहीं रहेगा। बांग्लादेश से आए इन बंधुओं की बस्ती का नाम अब रविंद्र नगर होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि इस देश को राष्ट्रगान देने वाले रविंद्रनाथ टैगोर के नाम पर अब इन लोगों की पहचान होगी। सीएम ने यह भी कहा कि बंगाल की धरती भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की धरती है।
भौमिक अधिकार पत्र वितरित किए
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थियों को भौमिक अधिकार पत्र (भूमि अधिकार पत्र) का वितरण भी किया। इस मौके पर सभा में मौजूद लोगों ने ‘योगी-योगी’ के नारे लगाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-पाकिस्तान विभाजन के समय यहां आए हिंदू परिवारों को अब भौमिक अधिकार का दर्जा दिया जा रहा है। साथ ही सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी इन परिवारों को दिया जाएगा।
योगी सरकार की नाम बदलने की मुहिम
यह फैसला योगी सरकार की उन जगहों के नाम बदलने की मुहिम का हिस्सा है जहां विभाजन या अन्य कारणों से पहचान छुपाई गई थी। इससे पहले भी कई गांवों और स्थानों के नाम बदले जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री के इस ऐलान से स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। उन्होंने कहा कि अब उनकी सही पहचान सामने आएगी और वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे।

