बांदा, उत्तर प्रदेश: बांदा जिले में शादी के महज 30 दिन बाद एक पशु चिकित्सक (वेटनरी डॉक्टर) की नई नवेली दुल्हन अपने पुराने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पति का आरोप है कि पत्नी घर से नकदी और कीमती जेवरात भी लेकर भाग गई। इस घटना से पूरे परिवार में हड़कंप मच गया है और इलाके में चर्चाओं का सिलसिला शुरू हो गया है।
क्या था पूरा मामला?
मीडिया जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक पेशे से पशु चिकित्सक है। उसकी शादी 19 फरवरी 2026 को नरैनी थाना क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद शुरू के कुछ दिन सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन 22 मार्च की रात को अचानक घटनाक्रम बदल गया।
पति का आरोप है कि देर रात तीन युवक एक चारपहिया वाहन लेकर आए और अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर साथ ले गए। पत्नी के लापता होने के बाद पति ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पता चला कि पत्नी घर से नकदी और जेवरात भी साथ लेकर फरार हो गई है।
पत्नी पिछले दो साल से प्रेमी के संपर्क में थी
जांच के दौरान एक और गंभीर जानकारी सामने आई। पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पिछले करीब दो वर्षों से किसी युवक के लगातार संपर्क में थी। यह युवक उनके परिवार के एक कार्यक्रम में वीडियोग्राफी करने भी आया था। पति का मानना है कि यही युवक उसका प्रेमी है और दोनों पहले से ही भागने की प्लानिंग कर रहे थे।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, तलाश जारी
थाना कालिंजर के प्रभारी सुखराम सिंह ने मीडिया रिपोर्टर को बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस युवती और आरोपी युवक की तलाश में लगी हुई है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर ट्रेसिंग की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी युवक पहले भी परिवार के संपर्क में आ चुका था।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना पूरे इलाके में तेजी से चर्चा का विषय बन गई है। लोग शादी के महज एक महीने के अंदर दुल्हन के फरार होने को लेकर हैरान हैं। परिवार और आस-पड़ोस में इस घटना की चर्चाएं जोरों पर हैं।

