बरेली, उत्तर प्रदेश: बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की अवैध निर्माणों के खिलाफ मुहिम जारी है। मंगलवार सुबह फरीदपुर चौधरी में मौलाना तौकीर रजा खान के करीबी कहे जाने वाले वाजिद बेग के बारातघर पर बुलडोजर गरज उठा। अक्टूबर में सील किए गए इस बारातघर के बाहरी हिस्से को तोड़ दिया गया। कार्रवाई शुरू होते ही आसपास के इलाकों में खलबली मच गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चली इस कार्रवाई ने एक बार फिर मौलाना के करीबियों की संपत्तियों पर प्रशासन की सख्ती को उजागर कर दिया है।
अक्टूबर में सील, अब बुलडोजर एक्शन
BDA अधिकारियों के मुताबिक, वाजिद बेग का यह बारातघर पूरी तरह अवैध निर्माण था। अक्टूबर महीने में ही इसे सील कर दिया गया था। उसके बाद से बुलडोजर चलना तय माना जा रहा था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे BDA की टीम भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और बारातघर के बाहरी हिस्से को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी है और अवैध निर्माणों के खिलाफ मुहिम का हिस्सा है।
मौलाना के करीबियों पर लगातार एक्शन
यह कोई पहला मामला नहीं है। 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद प्रशासन ने मौलाना तौकीर रजा के करीबियों की संपत्तियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया था। सबसे पहले डॉ. नफीस अहमद के रजा पैलेस को जमींदोज किया गया। इसके बाद हमसफर पैलेस, फहम लॉन, फ्लोरा गार्डन जैसे आधा दर्जन से ज्यादा बारातघर और हॉल सील किए गए। हाल ही में सूफी टोला स्थित गुड मैरिज हॉल और एवान-ए-फरहत पर भी बुलडोजर चला, लेकिन कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई रोकनी पड़ी।
सूत्र बताते हैं कि वाजिद बेग का बारातघर भी मौलाना द्वारा बुलाए गए किसी प्रदर्शन की मीटिंग के लिए इस्तेमाल हुआ था। यही वजह है कि प्रशासन की नजर इस पर थी।
इलाके में हड़कंप, भारी पुलिस तैनाती
कार्रवाई शुरू होते ही आसपास के लोग जुटने लगे। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कोई बड़ा हंगामा नहीं हुआ। BDA ने साफ कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ यह मुहिम जारी रहेगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
बरेली में अवैध बारातघर और हॉलों पर चल रही यह कार्रवाई अब मौलाना तौकीर रजा के करीबियों तक पहुंच गई है। प्रशासन का दावा है कि सब कुछ कानून के दायरे में हो रहा है, लेकिन विपक्ष इसे “राजनीतिक बदले की कार्रवाई” बता रहा है। फिलहाल शहर में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर की गूंज जारी है और आने वाले दिनों में और एक्शन की संभावना है।

