मोबाइल छीनने पर नाराज 11वीं की छात्रा ने लगा ली फांसी, अस्पताल में डॉक्टरों ने दी पुलिस को सूचना

Gorakhpur News: गोरखपुर के गगहा में 11वीं की छात्रा राजलक्ष्मी ने मोबाइल छीने जाने से नाराज होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घर पर अकेली थीं, मौसेरे भाई ने शव देखा। सीएचसी में मृत घोषित, पुलिस ने पोस्टमार्टम भेजा। सहजनवा में 20 वर्षीय निशा ने आर्थिक तंगी के चलते खुदकुशी की, परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार किया।

Samvadika Desk
3 Min Read
प्रतीकात्मक इमेज
Highlights
  • गोरखपुर: 11वीं की छात्रा ने मोबाइल छीने से नाराज होकर की खुदकुशी!
  • राजलक्ष्मी ने दुपट्टे से फंदा लगाया, घर पर थीं अकेली!
  • मौसेरे भाई ने देखा लटकता शव, सीएचसी में मृत घोषित!

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश: मोबाइल फोन छीन लिए जाने से गुस्साई 11वीं क्लास की 16 वर्षीय छात्रा राजलक्ष्मी ने घर में दुपट्टे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। गले पर फंदे के निशान देखकर चिकित्सकों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

- Advertisement -

परिवार खेत पर था, घर पर अकेली थी राजलक्ष्मी

गगहा थाना क्षेत्र के गरयाकोल गांव की रहने वाली राजलक्ष्मी की मां सुधा ने एक मीडिया पत्रकार को बताया कि बुधवार सुबह वह, छोटा बेटा मोहन और मौसेरी बहन का बेटा आशीष खेत पर काम कर रहे थे। राजलक्ष्मी घर पर अकेली थी। वह खेत आई और खाने के बारे में पूछकर वापस चली गई। कुछ देर बाद मौसेरा भाई आशीष पानी पीने घर गया तो उसने राजलक्ष्मी को पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका देखा।

मौसेरे भाई ने बताया मोबाइल छीना जाने का कारण

परिजनों ने राजलक्ष्मी को स्कूटी पर लेकर पहले बेलघाट इलाज के लिए जा रहे थे, लेकिन गोला कस्बे के सीएचसी पहुंचते-पहुंचते उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौसेरा भाई आशीष ने बताया कि मौसी सुधा ने सुबह राजलक्ष्मी का मोबाइल छीन लिया था, जिससे वह नाराज हो गई और फंदे से लटक गई। राजलक्ष्मी के पिता दिल्ली में पेंट-पॉलिश का काम करते हैं।

तहरीर मिली तो दर्ज होगा मुकदमा

गगहा थाना प्रभारी राहुल शुक्ल ने बताया कि किशोरी को गोला सीएचसी लाया गया था। घटना गगहा क्षेत्र की है। यदि परिजन तहरीर देते हैं तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

- Advertisement -

सहजनवा में 20 वर्षीय युवती ने भी की खुदकुशी

इसी जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में बुधवार रात 20 वर्षीय निशा ने दुपट्टे से छत की कुंडी पर फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने आर्थिक तंगी का हवाला देकर पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया। पुलिस ने प्रधान और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा कर शव सौंप दिया।

आर्थिक संकट से जूझ रहा परिवार

निशा के पिता भोला की मौत हो चुकी है। परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटे मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। मां एक निजी स्कूल में सफाई का काम कर परिवार चलाती है। बुधवार रात मां कमरे में गईं तो निशा का शव लटका मिला। खुदकुशी का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Share This Article