कानपुर, उत्तर प्रदेश: चकेरी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। 25 वर्षीय ऑटो चालक विक्रम केवट ने पत्नी से अनबन के कारण ससुराल की चौखट पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। विक्रम अपनी पत्नी रिया को मनाने पहुंचा था, लेकिन रिया ने दरवाजा नहीं खोला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। आहत विक्रम ने वहीं अपने ऑटो में बैठकर जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर वह घर पहुंचा, जहां से उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई।
8 साल का प्रेम, 2.5 साल पहले मंदिर में की थी शादी
विक्रम के पिता जय कुमार ने पत्रिका के रिपोर्टर को बताया कि विक्रम और रिया के बीच करीब 8 साल से प्रेम संबंध थे। ढाई साल पहले दोनों ने परिवार को बिना बताए मंदिर में शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों दामोदर नगर में किराए के मकान में रहने लगे। पिता का आरोप है कि शादी के बाद बहू रिया ने बेटे को परिवार से दूर कर दिया। वह मिलने तक नहीं देती थी और बेटे के फोन में उनका नंबर भी ब्लॉक कर दिया था।
चार महीने पहले घरेलू विवाद के चलते रिया मायके (रामादेवी, दिल्ली पुलिया क्षेत्र) चली गई थी। इसके बाद विक्रम लगातार उसे मनाने की कोशिश करता रहा, लेकिन रिया लौटने को तैयार नहीं थी। पिता ने यह भी बताया कि करीब 15 दिन पहले रिया घर आई थी और जेवर तथा एक लाख रुपये नकद लेकर फिर मायके चली गई। उसके बाद उसने विक्रम का नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
आखिरी कोशिश और खौफनाक अंत
बुधवार दोपहर करीब 3 बजे विक्रम ऑटो से पत्नी को मनाने रामादेवी पहुंचा। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन रिया ने दरवाजा नहीं खोला। काफी देर तक कोशिश करने के बाद दोपहर 3:40 बजे उसने आखिरी बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। आहत और टूट चुके विक्रम ने वहीं ऑटो में बैठकर जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर वह ऑटो से ही घर पहुंचा। परिजनों ने उसे तत्काल कांशीराम अस्पताल ले जाया, जहां से हालत गंभीर होने पर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहले भी कर चुका था आत्महत्या का प्रयास
पिता ने बताया कि पत्नी से दूरी और मानसिक तनाव के चलते विक्रम 4 से 5 बार पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था, लेकिन हर बार उसे बचा लिया गया। व्हाट्सऐप चैट में भी पत्नी ने पति के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। चैट में रिया ने लिखा है कि उसे पति से नफरत हो गई है और वह उसे धोखेबाज बताती है।
पुलिस ने कहा – शिकायत मिलने पर कार्रवाई
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर प्रेम विवाह के बाद होने वाले घरेलू विवाद और मानसिक तनाव की गंभीरता को उजागर कर रही है। विक्रम की मौत ने परिवार को तोड़ दिया है। कानपुर में यह मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है।

