मथुरा: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन एकता पदयात्रा’ में शुक्रवार को जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने शिरकत की। राजा भैया ने धीरेंद्र शास्त्री का हाथ पकड़कर पदयात्रा की और दोनों ने हाथ उठाकर ‘जय श्री राम’ के जयकारे लगाए। सड़क किनारे पत्तल पर बैठकर पूड़ी-सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया। इस बार उनके दोनों पुत्र—कुंवर शिवराज प्रताप सिंह और कुंवर बृजराज प्रताप सिंह—भी यात्रा में साथ रहे। एमएलसी कुंवर अक्षय प्रताप सिंह और बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे।
राजा भैया का सनातन प्रेम: “धर्म ही हमें एक सूत्र में बांधता है”
राजा भैया पहले भी बागेश्वर धाम की पदयात्राओं में सक्रिय रूप से शामिल होते रहे हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “सनातन धर्म ही हमारी संस्कृति, परंपरा और पहचान है। यह हमें एक सूत्र में बांधे रखता है। आज जरूरत है कि सभी जातियां और समाज भेदभाव भूलकर एकजुट हों। तभी हमारा धर्म और संस्कृति सुरक्षित रह पाएगी।” उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री की एकता की पुकार को सराहा और कहा कि यह पूरे देश को जोड़ने का काम कर रही है। समाज को इसे पूरे मन से अपनाना चाहिए।
धीरेंद्र शास्त्री ने की राजा भैया की तारीफ: “हनुमान भक्त और सनातन प्रेमी”
धीरेंद्र शास्त्री ने राजा भैया की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “राजा भैया के स्वभाव में गजब की विनम्रता है। वह सनातन के लिए खूब सोचते हैं।” बागेश्वर बाबा ने उन्हें हनुमान भक्त और सनातन प्रेमी बताया। दोनों के बीच का यह नजारा यात्रा में शामिल लोगों के लिए प्रेरणादायक रहा।
शिल्पा शेट्टी, चिन्मयानंद बापू सहित कई हस्तियां शामिल
यात्रा में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी, स्वामी चिन्मयानंद बापू, देवकीनंदन महाराज, अभिनेता राजपाल यादव और राजपीठ से कुंवर रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) जैसे दिग्गज शामिल हुए। मथुरा में यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। सनातन हिंदू एकता पदयात्रा अब देशभर में धार्मिक एकता का संदेश फैला रही है।

